रोटरी क्लब ऑफ धनबाद सेंट्रल का 12वाँ चेंजओवर समारोह भव्यता के साथ संपन्न

Share This News

धनबाद:रोटरी क्लब ऑफ धनबाद सेंट्रल का 12वाँ चेंजओवर समारोह वेडलॉक ग्रीन रिसॉर्ट्स, धनबाद में गरिमामय एवं भव्य वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में पीआरआईडी रोटेरियन कमल संघवी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रोटरी वर्ष 2025–26 के अध्यक्ष आई.पी.पी. रोटेरियन सीए विनीत तुलस्यान ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा रोटरी वर्ष 2026–27 के अध्यक्ष रोटेरियन अतुल डोकानिया को पदभार सौंपा।

रोटरी वर्ष 2026–27 के लिए रोटेरियन अतुल डोकानिया ने अध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की। उनके साथ रोटेरियन पंकज गोयल ने सचिव तथा रोटेरियन चेतन तुलस्यान ने कोषाध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। नई टीम ने सेवा, सदस्यता विस्तार एवं स्थायी परियोजनाओं को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया।

समारोह का सबसे ऐतिहासिक क्षण एक साथ 26 नए सदस्यों का इंडक्शन रहा। यह उपलब्धि रोटरी क्लब ऑफ धनबाद सेंट्रल एवं रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3250 के इतिहास में एक नया कीर्तिमान है। इतनी बड़ी संख्या में नए सदस्यों का एक साथ जुड़ना क्लब की बढ़ती प्रतिष्ठा, सेवा कार्यों के प्रति समाज के विश्वास एवं संगठन की निरंतर प्रगति का प्रतीक है।

इस भव्य समारोह के चेंजओवर चेयरमैन रोटेरियन राहुल गोयल एवं रोटेरियन नितेश बुबना रहे। दोनों के कुशल नेतृत्व, उत्कृष्ट योजना एवं टीमवर्क के कारण पूरा कार्यक्रम अत्यंत सुव्यवस्थित, अनुशासित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उपस्थित सभी अतिथियों एवं सदस्यों ने कार्यक्रम की शानदार व्यवस्था की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान नए सदस्यों एवं महिला सदस्यों का इंडक्शन, जिला पुरस्कार वितरण, क्लब अवार्ड्स, नई कार्यकारिणी का परिचय तथा उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए सदस्यों को सम्मानित किया गया। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइव म्यूजिक एवं फेलोशिप डिनर का आयोजन हुआ।

अपने संबोधन में अध्यक्ष रोटेरियन अतुल डोकानिया ने कहा कि उनकी टीम रोटरी के आदर्श सर्विस अभव सेल्फ एवं टुगेदर वी क्रिएट लास्टिंग इंपैक्ट की भावना के साथ समाज सेवा के नए आयाम स्थापित करने और क्लब को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेगी।

समारोह में बड़ी संख्या में रोटेरियन्स, विशिष्ट अतिथियों, गणमान्य नागरिकों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।

Leave a comment