सरकारी जमीन का अतिक्रमण करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने का दिया निर्देश
प्रमंडलीय आयुक्त, उत्तरी छोटा नागपुर प्रमंडल, हजारीबाग, श्री विजय कुमार गुप्ता ने अपने दो दिवसीय धनबाद दौरे के अंतिम दिन आज गोविंदपुर अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने दाखिल खारिज के लंबित मामले, जाति, आय, आवासीय सहित विभिन्न प्रमाण पत्र, कार्यालय पंजी, सेवा पुस्तिका सहित विभिन्न मामलों की समीक्षा की।
उन्होंने अंचल अंतर्गत सरकारी भूमि की हर हाल में रक्षा करने एवं सरकारी भूमि का अतिक्रमण करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ में दाखिल खारिज तथा विभिन्न प्रमाण पत्रों का समय पर निष्पादन करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने अंचल अधिकारी से विभिन्न मामलों की जानकारी ली। आयुक्त ने एसआईआर की भी समीक्षा की। उन्होंने एब्सेंट, शिफ्टेड, डुप्लीकेट और मृत मतदाताओं की त्रुटि रहित सूची बनाने तथा डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। कहा कि एसआइआर जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी बीएलओ या वालंटियर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त श्री विजय कुमार गुप्ता के साथ अपर समाहर्ता श्री प्रदीप कुमार शुक्ला, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री कालिदास मुंडा, गोविंदपुर के अंचल अधिकारी श्री यशवंत कुमार सिन्हा, प्रभारी अंचल निरीक्षक श्रीमती नेहा व अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।