मूर्ति पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि, बुजुर्गों का लिया आशीर्वाद; सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
धनबाद: लोहार बरवा रोड, आसनडाबर (टुंडी रोड) स्थित लालमणि वृद्धा सेवा आश्रम में मंगलवार को आश्रम के संस्थापक स्वर्गीय मनोरंजन सिंह की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में आश्रम में रह रहे सभी बुजुर्गों, पदाधिकारियों एवं समाजसेवियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय मनोरंजन सिंह की पत्नी नीतू सिंह सहित आश्रम के अध्यक्ष मोहम्मद नौशाद गद्दी, सचिव डॉ. डी. सरण, कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर बरनवाल, कोषाध्यक्ष ओमकार मिश्रा, सह सचिव सुरेंद्र यादव, मीडिया प्रभारी विजय सिन्हा, सक्रिय सदस्य रामनाथ मिश्रा, मुखिया आजमुद्दीन अंसारी तथा अन्य गणमान्य लोगों द्वारा प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की गई। आश्रम में रह रहे बुजुर्गों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सभी को अपना आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर सबलपुर स्थित ओल्ड एज होम में भी स्वर्गीय मनोरंजन सिंह की पुण्यतिथि मनाई गई, जहां उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आश्रम के अध्यक्ष मोहम्मद नौशाद गद्दी ने कहा कि वर्ष 2006 में उन्होंने अपने मित्र स्व. मनोरंजन सिंह और स्व. रामजी यादव के साथ मिलकर असहाय एवं निराश्रित बुजुर्गों की सेवा के उद्देश्य से इस आश्रम की स्थापना की थी। उस समय आश्रम केवल दो खपड़ैल कमरों से शुरू हुआ था, लेकिन आज यह 45 बुजुर्ग माताओं-पिताओं का सुरक्षित और सम्मानजनक आश्रय बन चुका है।
उन्होंने कहा कि आश्रम का नाम स्वर्गीय मनोरंजन सिंह की माता लालमणि देवी के नाम पर रखा गया था। आज आश्रम में रह रहे बुजुर्ग परिवार जैसा स्नेह और सम्मान पाकर खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि निस्वार्थ भाव से बुजुर्गों की सेवा करना ही स्वर्गीय मनोरंजन सिंह के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम में समाजसेवी अशोक गागर, बाबू जान सोरेन, अजीत चक्रवर्ती, मनमोहन सरकार, सुबल सिंह, शांति देवी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।