Breaking News

निरसा NH-19 पर चलती स्कॉर्पियो में लगी भीषण आग, आठ महीने पुराना वाहन जलकर राख

Share This News

सर्विसिंग के कुछ दिन बाद हुआ हादसा…………….

दमकल पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने पानी डालकर आग पर पाया काबू……………

धनबाद जिले के निरसा में बुधवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती महिंद्रा स्कॉर्पियो में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और स्कॉर्पियो जलकर पूरी तरह राख हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

घटना निरसा के पुराने थाना से लगभग 100 मीटर दूर धनबाद की ओर जाने वाली सड़क पर शाम करीब साढ़े सात बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन में अचानक आग लगी और कुछ ही मिनटों में लपटें तेज हो गईं। आग की भयावहता के कारण वाहन को बचाने का कोई मौका नहीं मिल सका।

घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग को जानकारी दी गई, लेकिन दमकल वाहन करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचा। इस दौरान स्थानीय लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए पास में खड़ी एनएच मिक्सर मशीन की टंकी से पानी लेकर आग बुझाने का प्रयास किया और काफी हद तक आग पर काबू पा लिया।

वाहन मालिक विराज मंडल ने बताया कि स्कॉर्पियो मात्र आठ महीने पहले खरीदी गई थी और कुछ दिन पहले ही उसकी सर्विसिंग कराई गई थी। उन्होंने कहा कि अचानक आग लगने की वजह उन्हें समझ नहीं आ रही है, जिससे वे काफी चिंतित हैं।

सूचना मिलने पर निरसा पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। आग के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया था, जिसे बाद में सामान्य कराया गया। पुलिस ने जले हुए वाहन को कब्जे में लेकर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a comment