पानी घटने से उभरे पत्थर से टकराई नाव…………….
स्पीड बोट चालक ताजुद्दीन की सतर्कता और बहादुरी से सभी पर्यटक सुरक्षित निकाले गए……………..
Anchor:- धनबाद के मैथन डैम में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पर्यटकों से भरी एक नाव पानी के भीतर छिपे पत्थर से टकराकर डूबने लगी। नाव पर सवार करीब एक दर्जन लोगों की जान उस वक्त बच गई, जब पास से गुजर रहे स्पीड बोट चालक ताजुद्दीन ने अपनी सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना ने डैम में सुरक्षा व्यवस्था और जलस्तर घटने से पैदा हो रहे खतरों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार मजूमदार निवास से सबुज दीप की ओर जा रही पर्यटकों से भरी नाव अचानक पानी के भीतर मौजूद एक बड़े पत्थर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि नाव का निचला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें तेजी से पानी भरने लगा। देखते ही देखते नाव डूबने लगी और सवार पर्यटकों में अफरा-तफरी मच गई।
इसी दौरान बाबू बोट घाट के स्पीड बोट चालक ताजुद्दीन की नजर डूबती हुई नाव पर पड़ी। उन्होंने बिना समय गंवाए अपनी स्पीड बोट को घटनास्थल की ओर मोड़ा और जोखिम उठाते हुए एक-एक कर सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी बहादुरी और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद डैम किनारे लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय नाविकों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से मैथन डैम का जलस्तर लगातार घट रहा है। इसके कारण कई स्थानों पर बड़े-बड़े पत्थर पानी से बाहर निकल आए हैं, जो नौकायन करने वालों और पर्यटकों के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और खतरनाक क्षेत्रों में चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है।
हादसे में सभी पर्यटक सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद पर्यटकों ने राहत की सांस ली और उनकी जान बचाने वाले नाविक ताजुद्दीन की जमकर सराहना की।