धनबाद। सुगीयाडीह स्थित 8 लेन सड़क पर बने गड्ढे के कारण सड़क हादसों की आशंका लगातार बढ़ती जा रही है। इस व्यस्त मार्ग से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, लेकिन सड़क पर उभरे गड्ढे की अब तक मरम्मत नहीं होने से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।
ह्यूमैनिटी हेल्पिंग हैंड की लीगल एडवाइजर विनीता राज ने बताया कि वह लगातार अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से 8 लेन सड़क की बदहाल स्थिति और लोगों की परेशानियों को सामने ला रही हैं। इसके बावजूद जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की ओर से कोई सकारात्मक पहल देखने को नहीं मिली है।
उन्होंने कहा कि सड़क पर बने गड्ढे के कारण विशेष रूप से रात के समय तेज रफ्तार वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया है। यदि किसी वाहन का पहिया गड्ढे में फंस जाए तो बड़ा हादसा हो सकता है, जिससे जान-माल का नुकसान होने की आशंका है।
विनीता राज ने बताया कि इस संबंध में कई बार उपायुक्त और महापौर को भी अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत या रखरखाव को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल गड्ढे की मरम्मत कर सड़क को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।