धनबाद: 30.05.26
आज दिनांक 30.05.26 को धनबाद मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस अभियान–2026 के सोलहवें दिवस के अवसर पर प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु एक विशेष जागरूकता एवं निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर स्वास्थ्य निरीक्षकों एवं वाणिज्य निरीक्षकों द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया तथा यह सुनिश्चित किया गया कि स्टेशनों पर ‘वर्जिन प्लास्टिक’ (नए प्लास्टिक) के उपयोग को चरणबद्ध रूप से समाप्त कर पुनर्चक्रित (Recycled) अथवा पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को अपनाया जाए। अभियान के दौरान स्टेशन परिसरों में कार्यरत सभी आपूर्तिकर्ताओं, स्टॉल संचालकों, खान-पान ठेकेदारों, पैकेज्ड पेयजल आपूर्तिकर्ताओं एवं स्थानीय वेंडर्स को पर्यावरण के प्रति उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया। उन्हें पुनर्चक्रित एवं टिकाऊ विकल्पों के उपयोग से होने वाले पर्यावरणीय तथा आर्थिक लाभों की जानकारी देते हुए ऐसे उत्पादों को प्राथमिकता देने हेतु प्रेरित और निर्देशित किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्लास्टिक कचरे के उत्पादन में कमी लाना, रेलवे स्टेशनों को ‘सिंगल-यूज़ प्लास्टिक मुक्त’ क्षेत्र के रूप में विकसित करना तथा रेलवे बोर्ड की हरित पहलों (Green Initiatives) को प्रभावी रूप से लागू करना है। धनबाद मंडल पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करते हुए यात्रियों एवं संबंधित हितधारकों के सहयोग से एक स्वच्छ, हरित एवं सतत भविष्य के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।