Breaking News

राज्यपाल से मिले इंडिया थेरेपी सेंटर के निदेशक, झारखंड में पुनर्वास सेवाओं के विस्तार पर हुई चर्चा

Share This News

धनबाद:शनिवार को झारखंड में दिव्यांगजनों एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए पुनर्वास सेवाओं को और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत इंडिया थेरेपी सेंटर के निदेशक प्रतीक अग्रवाल और कौशल अग्रवाल ने झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से राजभवन में शिष्टाचार भेंट की।मुलाकात के दौरान राज्य में आधुनिक पुनर्वास एवं थेरेपी सेवाओं के विस्तार, दिव्यांगजनों तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं पहुंचाने तथा जिला एवं ग्रामीण स्तर पर पुनर्वास अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।प्रतीक अग्रवाल ने राज्यपाल को स्पीच थेरेपी, ऑक्युपेशनल थेरेपी, फिजियोथेरेपी, बिहेवियर थेरेपी एवं विशेष शिक्षा जैसी सेवाओं की बढ़ती आवश्यकता से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इंडिया थेरेपी सेंटर वर्तमान में धनबाद एवं बोकारो में संचालित है, जहां दिव्यांगजनों एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को विभिन्न थेरेपी सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य झारखंड के अधिक से अधिक जिलों तक इन सेवाओं का विस्तार कर प्रत्येक जरूरतमंद तक गुणवत्तापूर्ण पुनर्वास सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि वे आत्मनिर्भर, सम्मानजनक एवं स्वस्थ जीवन जी सकें।
राज्यपाल ने इस पहल की सराहना करते हुए समाज के कमजोर एवं विशेष आवश्यकता वाले वर्गों के लिए बेहतर स्वास्थ्य एवं पुनर्वास सुविधाओं के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि समावेशी एवं विकसित झारखंड के निर्माण में ऐसी पहलें अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस अवसर पर झारखंड में आधुनिक पुनर्वास केंद्रों के विस्तार, सेवाओं की पहुंच बढ़ाने तथा दिव्यांगजनों के जीवन स्तर में सुधार के लिए विभिन्न संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
“सशक्त झारखंड, समावेशी भविष्य” के संकल्प के साथ यह पहल राज्य में पुनर्वास सेवाओं को नई दिशा देने तथा दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास मानी जा रही है।

Leave a comment