धनबाद :नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित विशेष दिव्यांग स्कूल पहला कदम में शुक्रवार को बच्चों एवं दिव्यांगजनों के लिए युडीआईडी कार्ड निर्माण, डेटा अपडेट एवं सत्यापन शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर धनबाद जिला प्रशासन एवं सिविल सर्जन कार्यालय, धनबाद के सहयोग से आयोजित हुआ।
शिविर में दिव्यांगजनों के कार्ड से संबंधित दस्तावेजों की जांच, पंजीकरण, सत्यापन एवं डेटा अपडेट का कार्य निःशुल्क किया गया। बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं उनके अभिभावकों ने शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाया।
इस शिविर में सदर अस्पताल से हेल्थ वर्कर सुनील कुमार राव एवं डीसी ऑफिस से कुश कुमार सीयूएचएम एमएंडइ एवं मल्टी टास्किंग स्टाफ की महत्वपूर्ण सहभागिता रही। कार्यक्रम में स्कूल के सुपरवाइजर कौशल अग्रवाल की भी विशेष उपस्थिति रही।
स्कूल की सचिव अनीता अग्रवाल ने बताया कि इस प्रकार के शिविर का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं से जोड़ना तथा उनकी समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्कूल परिवार, सहयोगी टीम एवं प्रशासनिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।