धनबाद मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया |

Share This News

धनबाद: 29.05.26

आज दिनांक 29.05.26 को धनबाद मंडल में “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026” के पंद्रहवें दिवस के अवसर पर धनबाद मंडल में प्लास्टिक प्रदूषण उन्मूलन एवं स्वच्छ पर्यावरण को बढ़ावा देने हेतु विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत धनबाद मंडल के वाणिज्यिक विभाग, स्वास्थ्य निरीक्षकों एवं रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीमों द्वारा विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर संचालित खान-पान स्टालों, फूड प्लाजा एवं रिफ्रेशमेंट रूम का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिबंधित सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के उपयोग पर कड़ी निगरानी रखते हुए सभी स्टाल संचालकों एवं खान-पान ठेकेदारों को केवल पर्यावरण-अनुकूल सामग्रियों के उपयोग के सख्त निर्देश दिए गए। यात्रियों को खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने हेतु मिट्टी के कुल्हड़, कागज के कप, बांस एवं लकड़ी से निर्मित चम्मच तथा पत्तलों के उपयोग को प्रोत्साहित किया जा रहा है, वहीं सामान वितरण के लिए कपड़े एवं जूट के थैलों के उपयोग पर विशेष बल दिया गया। इसके साथ ही स्वास्थ्य निरीक्षकों एवं तकनीकी टीमों द्वारा विभिन्न स्टेशनों पर स्थापित वाटर एटीएम एवं पेयजल बूथों की भी गहन जांच की गई। धनबाद मंडल द्वारा चलाया जा रहा यह विशेष अभियान पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं यात्रियों को सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Leave a comment