धनबाद में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। धनबाद उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभाद कुमार ने आज पुलिस केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 112 पेट्रोलिंग बाइक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये सभी बाइक जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में भेजी जाएंगी, जिससे पुलिस की पेट्रोलिंग व्यवस्था और सशक्त होगी। अधिकारियों ने कहा कि तेज और प्रभावी पेट्रोलिंग से अपराध पर नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी तथा आम लोगों को बेहतर सुरक्षा मिल सकेगी।
पुलिस केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभाद कुमार ने पेट्रोलिंग व्यवस्था की समीक्षा भी की। इस दौरान कहा गया कि डायल 112 सेवा को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से इन बाइक को थाना स्तर पर तैनात किया जा रहा है। बाइक पेट्रोलिंग के जरिए पुलिसकर्मी त्वरित रूप से घटनास्थल तक पहुंच सकेंगे, जिससे अपराध नियंत्रण और आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई संभव हो सकेगी। कार्यक्रम में जिले के कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।