धनबाद। जिला परिषद कार्यालय में बुधवार को एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया। शिविर में जिला परिषद कार्यालय के कर्मियों समेत कई लोगों ने रक्तदान कर मानवता का संदेश दिया।
जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने बताया कि जिला परिषद कार्यालय में पहली बार रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य रक्त संग्रह करना है, ताकि थैलेसीमिया से ग्रसित मरीजों सहित अन्य जरूरतमंद लोगों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ इस शिविर का आयोजन किया गया है और कार्यालय के सभी कर्मी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अक्सर शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रक्त की कमी से जूझ रहे मरीजों के परिजन उनसे संपर्क करते हैं। ऐसे मामलों में वे अस्पताल प्रबंधन से बात कर मरीजों के इलाज को प्राथमिकता देने का आग्रह करती हैं। शारदा सिंह ने कहा कि रक्तदान शिविर के माध्यम से जिला परिषद अस्पताल को सहयोग करने का प्रयास कर रहा है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिल सके और किसी की जान बचाई जा सके। उन्होंने लोगों से आगे आकर रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों के जीवन के लिए सहारा बन सकता है।