धनबाद:नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट एवं अडानी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को धनबाद के तेलीपाड़ा कालीताला क्षेत्र में दिव्यांगता जागरूकता एवं अर्ली इंटरवेंशन को लेकर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं बच्चे शामिल हुए।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगता के प्रति जागरूकता फैलाना तथा बच्चों में प्रारंभिक स्तर पर शारीरिक, मानसिक एवं विकास संबंधी समस्याओं की पहचान करना था। इस दौरान विशेषज्ञों द्वारा बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें कई बच्चों में विकासात्मक एवं मानसिक समस्याओं के लक्षण पाए गए।स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में दिव्यांगता से संबंधित जानकारी और सुविधाओं का अभाव है, जिससे बच्चों को उचित सहायता नहीं मिल पाती। कार्यक्रम के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों की समय-समय पर जांच कराने, विशेष शिक्षा अपनाने एवं सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया गया।विशेषज्ञों ने कहा कि समय रहते पहचान और उचित मार्गदर्शन से दिव्यांग बच्चों के जीवन को बेहतर बनाया जा सकता है। इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में जागरूकता बढ़ाने और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।