धनबाद। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रंगाटांड़ स्थित श्रमिक चौक पर युवा संघर्ष मोर्चा के बैनर तले कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने श्रमिक की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर मजदूरों को श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में युवा संघर्ष मोर्चा के संस्थापक शाह समाज से दिलीप सिंह ने कहा कि इसी दिन मजदूरों के संघर्ष को सफलता मिली थी और उन्हें उनके अधिकार प्राप्त हुए थे। उन्होंने कहा कि मजदूर केवल अपने लिए नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए काम करते हैं, इसलिए उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा जरूरी है।
वहीं समाजसेवी राजकुमार ने बताया कि मजदूर दिवस खुशी का दिन है, लेकिन धनबाद में मजदूरों के साथ हो रहा शोषण चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि यहां के मजदूर कड़ी मेहनत कर कोयला उत्पादन करते हैं, जो पूरे देश के लिए ऊर्जा का मुख्य स्रोत है, इसके बावजूद उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है।