धनबाद:मां शारदा सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट, धनबाद द्वारा कबड्डी एवं बॉक्सिंग खिलाड़ियों के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। ट्रस्ट पिछले तीन वर्षों से जरूरतमंदों को चिकित्सा सुविधा, भोजन वितरण तथा गरीब बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराते हुए समाज सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।इस समारोह में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर लौटे खिलाड़ियों को माला, मोमेंटो एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। धनबाद डिस्ट्रिक्ट कबड्डी एसोसिएशन के जिला सचिव मिंटू ठाकुर ने बताया कि
हाल ही में पुणे (महाराष्ट्र) में एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित 35वीं नेशनल सब-जूनियर कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में झारखंड बालिका टीम ने सेकंड रनर अप का खिताब हासिल कर राज्य का नाम गौरवान्वित किया। इस सफलता में जिला कोच पप्पू कुमार यादव, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड टीम का मार्गदर्शन किया, की महत्वपूर्ण भूमिका रही।सम्मानित खिलाड़ियों में कबड्डी से रिया कुमारी, सोनी कुमारी, रुपाली कुमारी एवं नयन कुमार शामिल रहे। वहीं बॉक्सिंग में कोच रवि कुमार के नेतृत्व में खिलाड़ी दीपक कुमार, रोशन शर्मा, पवन कुमार सिंह एवं अमित कुमार को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर मां शारदा सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट धनबाद के अधिकारी एवं सदस्य तथा धनबाद डिस्ट्रिक्ट कबड्डी एसोसिएशन के सचिव मिंटू ठाकुर, सनी राय, प्रवीण कुमार एवं एसपी कबड्डी ग्रुप धनबाद के सारे सदस्य उपस्थित रहे।