Breaking News

धनबाद में धूमधाम से मनाई गई बाबा साहब की 135वीं जयंती, सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समां

Share This News

धनबाद:- भारत रत्न भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर धनबाद में अंबेडकर क्लब द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए और बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में डिप्टी मेयर उपस्थित रहे। उन्होंने बाबा साहब के विचारों और उनके द्वारा समाज के लिए किए गए योगदानों को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी समाज को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं, जहां खोरठा के लोकप्रिय गायकों रॉबिन रंगीला, राकेश दास और पायल राजवंश ने अपने गीतों से समां बांध दिया। कलाकारों की प्रस्तुति पर दर्शक झूम उठे और पूरे माहौल में उत्साह का वातावरण बना रहा।

वहीं आयोजन समिति की ओर से झामुमो के महानगर उपाध्यक्ष वकील दास ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता और जागरूकता फैलाने का काम करते हैं।

कार्यक्रम में अंबेडकर क्लब के सदस्यों के साथ-साथ झामुमो के कई नेता और स्थानीय गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।

कुसुम न्यूज़ से मुस्कान की रिपोर्ट

Leave a comment