दिल्ली से हावड़ा जाने वाली ट्रेन पूर्वा एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक दंपत्ति के साथ मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। घटना डोकरा हॉल्ट से कुछ दूरी पर पोल संख्या 226/18 के पास की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दोनों पति-पत्नी जनरल कोच में यात्रा कर रहे थे और वॉशरूम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक पति का संतुलन बिगड़ गया और वे गिरने लगे।
पति को गिरता देख पत्नी ने तुरंत उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन इसी क्रम में वह भी संतुलन खो बैठी और दोनों चलती ट्रेन से नीचे गिर पड़े। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके शरीर में कई जगह गहरी चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल रूम सक्रिय हुआ, जिसके बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा बलों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को घटनास्थल से उठाकर एंबुलेंस के माध्यम से धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल दोनों की पहचान नहीं हो सकी है और वे किस स्थान के रहने वाले हैं, इसकी जानकारी भी नहीं मिल पाई है।
आरपीएफ और जीआरपी मामले की जांच में जुटी हुई है और घायलों के परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट