धनबाद :नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित विशेष दिव्यांग बच्चों के स्कूल पहला कदम में मंगलवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस जागरूकता के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर बच्चों को स्वास्थ्य के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि स्वास्थ्य ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। यदि हम स्वस्थ हैं, तभी हम अपने जीवन के लक्ष्यों को सफलतापूर्वक प्राप्त कर सकते हैं।
बच्चों को नियमित रूप से हाथ धोने, स्वच्छ वातावरण में रहने, समय पर भोजन करने तथा पौष्टिक आहार लेने की आदत अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि छोटी-छोटी स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां हमें बड़ी बीमारियों से बचा सकती हैं।कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूल में अस्पताल का एक आकर्षक मॉडल भी तैयार किया गया, जिसके माध्यम से बच्चों को अस्पताल की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर स्कूल में एक स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें डॉक्टरों की टीम द्वारा बच्चों की जांच की गई। बड़ी संख्या में बच्चों ने इस कैंप का लाभ उठाया। डॉक्टरों द्वारा बच्चों की आंख, दांत और कान की जांच की गई तथा आवश्यक परामर्श दिया गया।साथ ही बच्चों को गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए विशेष स्वास्थ्य सुझाव दिए गए, जैसे:अधिक से अधिक पानी पीना धूप में निकलते समय सिर को ढकना हल्का एवं पौष्टिक भोजन करना साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना बाहर का अस्वच्छ भोजन न करना स्कूल की सचिव अनीता अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि हमारा उद्देश्य केवल बच्चों को शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि उन्हें स्वस्थ और आत्मनिर्भर बनाना भी है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत करते हैं।कैंप में डॉक्टर एवं थैरेपिस्ट शामिल हुई। साइकोलॉजिस्ट क्लीनिकल ईशानी, फिजियोथैरेपिस्ट डॉक्टर मेघा, ऑक्यूपेशनल थैरेपिस्ट डॉक्टर बिट्टू कुमार शाह एवं ऑडियोलॉजिस्ट एंड स्पीच लैंग्वेज पैथोलॉजिस्ट जय भारत कुमार की विशेष उपस्थिति रही। स्कूल के सुपरवाइजर कौशल अग्रवाल भी शामिल हुए, जिन्होंने बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।