धनबाद में मुख्यमंत्री सारथी योजना के बिरसा कौशल प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ

Share This News

धनबाद :युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से झारखंड सरकार द्वारा मुख्यमंत्री सारथी योजना की शुरुआत की गई है। इसी कड़ी में बुधवार को धनबाद के ढांगी मोड़ में मुख्यमंत्री सारथी योजना के अंतर्गत बिरसा कौशल प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया गया। इस केंद्र का उद्घाटन मेयर संजीव सिंह ने फीता काटकर किया।

इस अवसर पर मेयर संजीव सिंह ने केंद्र के संचालक को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस पहल से क्षेत्र के युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि यह केंद्र युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इससे रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

केंद्र के संचालक सनोज सिंह ने बताया कि यहां युवाओं को कंप्यूटर आधारित कॉल सेंटर एग्जीक्यूटिव का कोर्स नि:शुल्क कराया जाएगा। इसके अलावा फैशन डिजाइनिंग और सिलाई जैसे व्यावसायिक कोर्स भी पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कई इच्छुक युवक और युवतियां पहले ही केंद्र में नामांकन कर चुके हैं और प्रशिक्षण शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।

यह प्रशिक्षण केंद्र न केवल युवाओं के कौशल को निखारने का काम करेगा, बल्कि उन्हें रोजगार के योग्य बनाकर उनके भविष्य को भी मजबूत करेगा।

Leave a comment