Breaking News

धनबाद में जमीन विवाद: महिला ने बिल्डर पर कब्जे और मारपीट का लगाया आरोप

Share This News

धनबाद : भूली आजाद नगर इलाके में जमीन विवाद को लेकर एक महिला ने बिल्डर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में रूमाना खातून ने कहा कि पिछले चार वर्षों से एक बिल्डर उनकी जमीन हड़पने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह अपने परिजनों के साथ जमीन पर गईं तो उनके साथ मारपीट की गई।

रूमाना खातून ने बताया कि भूली आजाद नगर के पास उनकी लगभग ढाई कट्ठा जमीन है, जिस पर कथित तौर पर बिल्डर की नजर है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से बिल्डर द्वारा जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि शुक्रवार को जब वह अपने परिजनों के साथ जमीन देखने पहुंचीं, उसी दौरान बिल्डर के लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और मारपीट की। इस घटना से वह और उनका परिवार दहशत में है।

रूमाना खातून ने यह भी आरोप लगाया कि मामले की शिकायत करने के बावजूद पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में धनबाद के एसएसपी, उपायुक्त (डीसी) और स्थानीय थाना को लिखित आवेदन दिया गया है, लेकिन अब तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई है।

प्रेस वार्ता के दौरान रूमाना खातून ने कहा कि यदि प्रशासन उनकी शिकायत पर जल्द कार्रवाई नहीं करता है तो उनकी जमीन पर जबरन कब्जा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

उन्होंने प्रेस के माध्यम से प्रशासन से न्याय दिलाने की गुहार लगाते हुए कहा कि उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा भी मुहैया कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।

Leave a comment