धनबाद में पानी संकट दूर करने के लिए सात नई पानी टंकी बनाने का निर्देश, कार्य में देरी पर एल एंड टी और श्रीराम कंपनी पर होगी FIR

Share This News

धनबाद, 30 जनवरी 2025: जिले में पानी संकट के समाधान के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सुश्री माधवी मिश्रा ने मटकुरिया, चिरागोड़ा, पांडरपाला, पुलिस लाइन, भेलाटांड़, कुसुम विहार और विनोद नगर में नई पानी टंकी के निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने नगर निगम को निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर इन सातों स्थानों का निरीक्षण कर प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार कर प्रस्तुत किया जाए।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने धनबाद फेस-1, धनबाद फेस-2, भेलाटांड़, जामाडोबा, सिंदरी और कतरास क्षेत्र की जलापूर्ति योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्हें जानकारी मिली कि एल एंड टी और श्रीराम कंपनी ने कई स्थानों पर जलापूर्ति परियोजनाओं का कार्य अधूरा छोड़ दिया है और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा नहीं किया जा रहा है। इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए उपायुक्त ने दोनों कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज कराने का निर्देश दिया।

बैठक में यह भी सामने आया कि कुछ स्थानों पर पुरानी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे जलापूर्ति बाधित हो रही है। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को मार्च से पहले इन सभी पाइपलाइनों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। कतरास क्षेत्र में जलापूर्ति सुचारू करने के लिए विद्युत विभाग को डेडीकेटेड फीडर लगाने का प्रस्ताव तैयार करने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक में डीवीसी, एनएचएआई, आरसीडी, रेलवे, बीसीसीएल, एफसीआईएल, जेबीवीएनएल सहित अन्य विभागों के साथ पाइपलाइन बिछाने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को शीघ्र अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने का निर्देश दिया, ताकि जलापूर्ति परियोजनाओं में देरी न हो।

इस अहम बैठक में नगर आयुक्त श्री रवि राज शर्मा, अपर समाहर्ता श्री विनोद कुमार, जेबीवीएनएल के इलेक्ट्रिकल सुप्रिटेंडिंग इंजीनियर श्री एस. कश्यप, आरसीडी के कार्यपालक अभियंता श्री मिथिलेश प्रसाद, सहायक नगर आयुक्त श्री प्रसून कौशिक सहित जुडको, एल एंड टी, श्रीराम कंपनी के प्रतिनिधि और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a comment