धनबाद, 30 जनवरी: राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर, धनबाद में बालिका विभाग की द्वादश कक्षा की छात्राओं का दीक्षा समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पार्चन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई।समारोह में मुख्य अतिथि धनबाद की उपायुक्त माधवी मिश्रा ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सही सफलता वह होती है जिससे खुशी प्राप्त हो। उन्होंने कहा, “कभी भी बैकग्राउंड और संसाधनों की कमी को सफलता की राह में बाधा नहीं बनने देना चाहिए। अपनी परिस्थितियों को जीतकर ही सच्ची सफलता हासिल की जा सकती है।”
विशिष्ट अतिथियों में सिंफर की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. श्वेता और रिम्स की इंटर्न डॉ. आकांक्षा उपस्थित थीं, जिन्होंने आठवीं से बारहवीं तक की शिक्षा इसी विद्यालय से प्राप्त की है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्राओं को मेहनत और अनुशासन का महत्व समझाया।विद्यालय के अध्यक्ष विनोद कुमार तुलस्यान ने बताया कि राजकमल राज्य ही नहीं, बल्कि देश स्तर पर भी अपनी पहचान बना चुका है। पिछले वर्ष विद्यालय की छह छात्राओं ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विद्यालय के सचिव संजीव अग्रवाल ने बताया कि संसाधनों के मामले में राजकमल धनबाद का नंबर वन विद्यालय है, जहां छात्रों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।विद्यालय के प्राचार्य सुमंत कुमार मिश्र ने सभी अतिथियों का परिचय कराते हुए दीक्षा की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “आप सभी धर्मशील, कर्मशील, विचारशील एवं सहृदय बनें और श्रेष्ठ व्यक्तियों का यथायोग्य सम्मान करें। इस दीक्षा को अपने जीवन में उतारें।”
इस अवसर पर द्वादश की छात्राओं हर्षिता गराछ, छवि कुमारी, कृति झा, तनु प्रिया, पलक झा, अदिति दत्त और अनु शिखा ने अपने विचार साझा किए।कार्यक्रम में प्री-बोर्ड परीक्षा परिणाम की घोषणा शिक्षक कुणाल विश्वकर्मा ने की, मंच संचालन शरद लक्ष्मी बनर्जी ने किया और धन्यवाद ज्ञापन प्रतिमा चौबे ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय के संरक्षक शंकर दयाल बुधिया, उपाध्यक्ष रविंद्र कुमार पटनिया, सह-सचिव दीपक रुइया, विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के सदस्य राजेश रिटोलिया, केशव हड़ोदिया, उप-प्राचार्य मनोज कुमार, प्रभारी प्रतिमा चौबे, एवं सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।31 जनवरी को छात्रों के लिए होगा दीक्षा समारोहविद्यालय प्रशासन ने घोषणा की कि 31 जनवरी को छात्रों के लिए दीक्षा समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें उन्हें भी सफलता और मूल्यों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी जाएगी।