धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर किया नमन

Share This News

धनबाद, 30 जनवरी 2025: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला कांग्रेस मुख्यालय, हाउसिंग कॉलोनी में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने की।कार्यक्रम की शुरुआत कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा महात्मा गांधी के तेल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं राम धुन के गायन से हुई। इसके बाद गांधी विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें कांग्रेस नेताओं ने बापू के आदर्शों और उनके योगदान को याद किया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा, “गांधी सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं। वे किसी आतंकी की गोली से नहीं मरते, बल्कि वे हर अन्याय के खिलाफ लड़ाई की प्रेरणा बने रहते हैं। गांधी अहिंसा के जरिए हिंसा का जवाब, नफरत के खिलाफ प्रेम और शोषण के खिलाफ निडरता का प्रतीक हैं। वे भारत की आत्मा हैं और सदैव रहेंगे।”उन्होंने कहा कि आज के दौर में गांधीजी के विचार पहले से भी अधिक प्रासंगिक हैं। उनकी शिक्षाएं सत्य, अहिंसा, और प्रेम पर आधारित थीं, जिन्होंने दुनिया को न्याय और शांति का मार्ग दिखाया।

इस श्रद्धांजलि सभा में रवि रंजन सिंह समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने बापू के दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Leave a comment