Breaking News

पूर्व मध्य रेल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन

Share This News

अपर महाप्रबंधक द्वारा मुख्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई गयी सतर्कता प्रतिज्ञा

हाजीपुर:26.10.2026

पूर्व मध्य रेल के अपर महाप्रबंधक श्री अमरेंद्र कुमार द्वारा आज मुख्यालय, हाजीपुर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता प्रतिज्ञा दिलाई गई। इस प्रतिज्ञा में भ्रष्टाचार के उन्मूलन, सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी एवं सत्यनिष्ठा के पालन तथा नैतिक आचरण बनाए रखने के दृढ़ संकल्प पर बल दिया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ उप महाप्रबंधक सह मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री पंकज कुमार सिन्हा, सभी विभागाध्यक्षगण, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन देशभर में 26 अक्टूबर से 1 नवम्बर 2026 तक किया जा रहा है। इस वर्ष का थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” है। सतर्कता प्रतिज्ञा के अतिरिक्त, “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” थीम पर एक नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया, जिसे सभी ने सराहा। पूर्व मध्य रेल के अपर महाप्रबंधक श्री अमरेंद्र कुमार ने नुक्कड़ नाटक दल के सराहनीय प्रदर्शन के लिए पुरस्कार घोषित किया।

प्रतिज्ञा के उपरांत, सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में सतर्कता जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक श्री अमित शरण ने की। अपने संबोधन में उन्होंने सत्यनिष्ठा की संस्कृति के लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे किसी भी संगठन की कार्यकुशलता, उत्पादकता एवं गुणवत्ता में क्रमिक वृद्धि होती है।

कार्यशाला के प्रारंभ में अपने स्वागत भाषण में वरिष्ठ उप महाप्रबंधक सह मुख्य सतर्कता अधिकारी ने कहा कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाने का उद्देश्य सभी कर्मचारियों में जागरूकता फैलाना है। उन्होंने कार्य एवं सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी और सत्यनिष्ठा के महत्व पर बल दिया। कार्यशाला का समापन एक रोचक एवं ज्ञानवर्धक प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ। इसके अतिरिक्त, नागरिकों में जागरूकता फैलाने हेतु हाजीपुर जंक्शन पर भी एक नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।

कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट

Leave a comment