धनबाद, 24 जनवरी 2025: धनबाद केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन (डीसीडीए) और न्यू श्री क्लीनिक के संयुक्त तत्वाधान में शुक्रवार को मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन धनबाद की उपायुक्त सुश्री माधवी मिश्रा ने किया। इस अवसर पर न्यू श्री क्लीनिक के निदेशक विभास सहाय, नीतू सहाय, ललित अग्रवाल, और देवेंद्र तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
शिविर के अंतर्गत कुल 153 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। इसमें से 50 यूनिट डॉक्टर अजय कुमार ब्लड बैंक एसएनएमसीएच को और 103 यूनिट श्रीनिवास ब्लड बैंक जोड़ाफाटक को प्रदान किया गया।
इस कार्यक्रम का आयोजन ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (एआईओसीडी) के नेतृत्व में किया गया। इसका उद्देश्य एक ही दिन में अधिकतम रक्तदान कर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराना है। इस अभियान को डॉक्टर ए.के. सहाय की पुण्य स्मृति और एआईओसीडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.एस. शिंदे के 75वें जन्मदिन के अवसर पर आयोजित किया गया।
डीसीडीए अध्यक्ष ललित अग्रवाल ने कहा, “यह रक्तदान शिविर मानवता के लिए एक अनमोल योगदान है। हमारा लक्ष्य सबसे अधिक रक्तदान कर मानव जीवन बचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाना है।”
कार्यक्रम में झारखंड केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री कृष्णा प्रधान, महासचिव सुभाष मंडल, और वरीय उपाध्यक्ष उमेश श्रीवास्तव ने डीसीडीए को झारखंड में सबसे अधिक रक्तदान करवाने के लिए बधाई दी। उन्होंने इस अभियान में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों और स्वयंसेवकों का आभार प्रकट किया।शिविर में उपस्थित गणमान्य लोगों में देवेन तिवारी, चंद्रशेखर गुप्ता, विकास अग्रवाल, राजेश सिंह, धीरज दास, प्रकाश गोयल, अजय नारायण लाल, श्याम गुप्ता, और विनय सिंह समेत अन्य ने भी रक्तदान की इस पहल की सराहना की।
यह रक्तदान शिविर न्यू श्री क्लीनिक, धनबाद में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से भाग लिया। यह अभियान मानवता के प्रति समर्पण और दायित्व की एक मिसाल पेश करता है।