धनबाद, 22 जनवरी 2025 – अयोध्या में रामलला के भव्य मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ के अवसर पर बुधवार को धनबाद के रणधीर वर्मा चौक, हीरापुर, को-ऑपरेटिव कॉलोनी, सरायढेला, सिटी सेंटर और बरटांड़ समेत विभिन्न स्थानों पर उत्सव का माहौल रहा।
समाजसेवी एवं श्री राम सेवा के पूर्व उपाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह और युवा संघर्ष मोर्चा जनवादी के संस्थापक दिलीप सिंह ने अपने सहयोगियों के साथ भक्तों को प्रसाद स्वरूप लड्डू बांटे। उन्होंने राहगीरों, स्थानीय निवासियों और मंदिरों में आने वाले भक्तों को रामलला प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ की शुभकामनाएं दीं।उदय प्रताप सिंह ने कहा, “मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की पूजा से सभी इच्छाओं की पूर्ति होती है और मानसिक शांति प्राप्त होती है। यह दिन हमारे लिए आस्था और उल्लास का प्रतीक है।”
रणधीर वर्मा चौक से निकली जुलूस में भक्तों का उत्साह चरम पर दिखा। पुरुष, महिलाएं और बच्चे जय श्री राम के ध्वज लेकर नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए सड़कों पर निकले। जुलूस में श्री राम के भजनों की गूंज और भक्तों की भक्ति से माहौल भक्तिमय हो गया।
उदय प्रताप सिंह और दिलीप सिंह के साथ शिवम सिंह, अभिषेक विश्वकर्मा, पंकज सिंह, जीरखान सिंह, ब्रजेश शर्मा, कुंदन सिंह, मुकेश सोनकर, सौरभ नागार्जुन, आलोक सिंह, गौरव सिंह, सानू सिंह, अजय पांडे, अमन, आतिफ समेत अन्य सहयोगी मौजूद रहे।इस दौरान भक्तों की सेवा, प्रसाद वितरण और जय श्री राम के नारों से धनबाद का माहौल आस्था और उमंग से भर गया।