Breaking News

कुमारधुबी में पिकलबॉल के दो नवनिर्मित कोर्ट का भव्य उद्घाटन

Share This News

झारखंड में पिकलबॉल के विस्तार को मिलेगी नई गति, स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

धनबाद: जिले के कुमारधुबी में कुमारधुबी क्लब की ओर से नवनिर्मित पिकलबॉल के दो कोर्ट का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन के सचिव प्रभात कुमार और वरिष्ठ उपाध्यक्ष बी. सुधीर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रभात कुमार और बी. सुधीर ने कहा कि कुमारधुबी में पिकलबॉल के दो नए कोर्ट का निर्माण झारखंड में इस खेल के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी और युवाओं में पिकलबॉल के प्रति रुचि एवं आकर्षण बढ़ेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल राज्य में पिकलबॉल को नई पहचान दिलाने के साथ ही इसके विकास को नई गति प्रदान करेगी।
इस दौरान कुमारधुबी क्लब के सदस्यों ने झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन से जुड़कर खेल के प्रचार-प्रसार एवं विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की इच्छा जताई। एसोसिएशन के सचिव प्रभात कुमार ने क्लब के सभी सदस्यों को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से राज्य में पिकलबॉल का आधार मजबूत होगा।
कार्यक्रम में कुमारधुबी क्लब के विकास पोद्दार, एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बी. सुधीर, टेक्निकल हेड धीरेश पारिख, ओंकार मिश्र सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a comment