धनबाद। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक बाबू वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा का अनावरण बुधवार को धनबाद में भव्य तरीके से हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर पूर्व सांसद पीएन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ विधायक राज सिन्हा, विधायक रागिनी सिंह, विधायक श्वेता सिंह, और विधायक श्रेयसी सिंह समेत कई गणमान्य व्यक्तियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व सांसद पीएन सिंह ने दीप प्रज्वलन कर किया। उन्होंने वीर कुंवर सिंह को कुशल सेना नायक और स्वतंत्रता संग्राम के प्रेरणास्रोत के रूप में याद किया। उन्होंने कहा कि 80 वर्ष की उम्र में भी लड़ने और विजय हासिल करने की वीरता हमें गर्वित करती है।
इस समारोह में जमुई विधायक श्रेयसी सिंह, जो कॉमनवेल्थ गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट और “गोल्डन गर्ल” के नाम से मशहूर हैं, और उनकी बहन बोकारो विधायक श्वेता सिंह की उपस्थिति ने कार्यक्रम को खास बना दिया। दोनों बहनों को एक मंच पर देखकर लोग बेहद उत्साहित नजर आए।
वीर कुंवर सिंह नगर में इस प्रतिमा की स्थापना स्थानीय निवासियों और बाबू वीर कुंवर सिंह समिति के सहयोग से हुई है। प्रतिमा का निर्माण चंदन नगर में किया गया। इस आयोजन में जिप अध्यक्ष शारदा सिंह, अनुपमा सिंह और अन्य गणमान्य अतिथि भी शामिल हुए।