Breaking News

धनबाद में रोटरी क्लब का ‘गिफ्ट ऑफ लाइफ’ प्रोजेक्ट: बच्चों के दिल की बीमारी का होगा निःशुल्क ऑपरेशन

Share This News

धनबाद, 15 जनवरी 2025: रोटरी क्लब ऑफ धनबाद ने आज जीवन ज्योति विशेष विद्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ‘गिफ्ट ऑफ लाइफ’ प्रोजेक्ट की घोषणा की। इस प्रोजेक्ट के तहत 6 माह से 18 वर्ष तक के उन बच्चों का निःशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा, जिनके हृदय में छेद है।प्रोजेक्ट चेयरमैन श्री संजीव बियोत्रा ने बताया कि बच्चों का ऑपरेशन कोच्चि स्थित अमृत हॉस्पिटल में किया जाएगा। पहले चरण में 23 फरवरी 2025 को धनबाद के डॉ. विपिन सिन्हा (डीएम, कार्डियोलॉजिस्ट) द्वारा गीत गोविंद हृदयालय में स्क्रीनिंग टेस्ट होगा। चयनित रोगियों का मेगा स्क्रीनिंग टेस्ट 4 मार्च 2025 को रांची के राज अस्पताल में किया जाएगा, जिसके बाद ऑपरेशन की प्रक्रिया शुरू होगी।

पंजीकरण की अंतिम तिथि 20 फरवरी 2025 तय की गई है। लाभुकों को आय प्रमाणपत्र (वार्षिक आय ₹1 लाख से कम), बीपीएल या पिला कार्ड और मेडिकल रिपोर्ट्स जमा करनी होंगी। हालांकि, आने-जाने का खर्च रोगियों को स्वयं उठाना होगा।

डॉ. विपिन सिन्हा ने बताया कि दिल में छेद गंभीर बीमारी है, जो मरीज के जीवन पर गहरा असर डालती है। इस प्रोजेक्ट से जरूरतमंद बच्चों को नया जीवन मिलेगा। रोटरी क्लब के अध्यक्ष श्री राहुल व्यास ने आम जनता से अपील की कि वे इस जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं ताकि अधिकतम लाभार्थी इस पहल से जुड़ सकें।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्री राजेश परकेरिया (सचिव, जीवन ज्योति) और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रोजेक्ट से जुड़ी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 9431123398, 9570207020, और 8789357905 जारी किए गए हैं।

Leave a comment