धनबाद के बाघमारा स्थित बीसीसीएल गोविंदपुर क्षेत्र संख्या-3 के बाबूडीह में गुरुवार को प्रस्तावित हिलटॉप आउटसोर्सिंग कंपनी को लेकर भारी हिंसा हुई। धर्माबंध ओपी क्षेत्र में कंपनी का कार्य बंद कराने को लेकर ग्रामीणों और कंपनी समर्थकों के बीच जमकर संघर्ष हुआ। इस दौरान दर्जनों राउंड गोलीबारी और बमबाजी की गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों और समर्थकों के बीच झड़प, कई घायल-::घटना में दोनों पक्षों से कई लोग घायल हुए। ग्रामीणों के मुताबिक, संघर्ष में आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। कंपनी समर्थकों की ओर से भी कई घायलों की सूचना है।
पुलिस मूकदर्शक, अधिकारी घटनास्थल से भागे-::संघर्ष के दौरान पुलिस स्थिति नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल रही। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हिंसा बढ़ने पर पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल से भागकर अपनी जान बचाई। इस लापरवाही ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आगजनी और भारी नुकसान-::गुस्साए ग्रामीणों ने 15 से 20 गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। चारों ओर धुआं और चीख-पुकार के बीच इलाके में हड़कंप मच गया। हिंसा और आगजनी से कंपनी को भारी नुकसान होने की आशंका है।
स्थिति तनावपूर्ण, पुलिस का भारी बल तैनात-::इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस का अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए कड़े कदम उठाने का आश्वासन दिया है।