धनबाद: 8 जनवरी 2025 को धनबाद कांग्रेस के तत्वावधान में निरसा विधानसभा क्षेत्र के बेनागोडिया पंचायत में ‘जय बापू, जय भीम, जय संविधान’ अभियान की शुरुआत हुई। कार्यक्रम की शुरुआत बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण से की गई। इस अवसर पर धनबाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह और कार्यकारी अध्यक्ष राशिद रजा अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बेनागोडिया मोड़ से जोगीतोपा मोड़ तक झंडा और बैनर लेकर “बाबासाहेब का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” और “बापू हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं” जैसे नारे लगाते हुए रैली निकाली। इसके बाद नुक्कड़ सभा का आयोजन हुआ, जिसकी अध्यक्षता निरसा प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष डी.एन. यादव ने की।
सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष संतोष सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार लगातार संविधान पर हमले कर रही है और महात्मा गांधी व बाबासाहेब अंबेडकर के सिद्धांतों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि संविधान के बिना नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री और अमित शाह गृहमंत्री नहीं बन सकते थे, लेकिन यही लोग संविधान निर्माता अंबेडकर का अपमान कर रहे हैं।कार्यकारी जिलाध्यक्ष राशिद रजा अंसारी ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र और संविधान में विश्वास नहीं करती। उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों को फासीवाद का उदाहरण बताते हुए कहा कि यह लड़ाई गांधी और गोडसे की विचारधाराओं के बीच की है, जिसमें कांग्रेस सत्य और अहिंसा के पक्ष में खड़ी है। उन्होंने अमित शाह के बयानों की निंदा करते हुए मांग की कि भाजपा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर का सम्मान करे।
इस अभियान के तहत 26 जनवरी तक धनबाद जिले के सभी प्रखंडों और नगरों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ता व स्थानीय नेता, जैसे वकील बाउरी, असद कलिम, श्यामल भंडारी, नंदन भुइया, आलम अंसारी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।’जय बापू, जय भीम, जय संविधान’ अभियान के माध्यम से कांग्रेस ने भाजपा सरकार की नीतियों का विरोध करते हुए संविधान, गांधी, और अंबेडकर के सिद्धांतों की रक्षा का संकल्प दोहराया।