धनबाद: मंगलवार को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह की शुरुआत कलेक्ट्रेट परिसर में हुई, जहां उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सुश्री माधवी मिश्रा ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 31 जनवरी 2025 तक चलेगा और जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगा।
उपायुक्त ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी द्विवेदी ने कहा कि रथ के माध्यम से सीट बेल्ट और हेलमेट का उपयोग, ओवरलोडिंग से बचाव, और सुरक्षित वाहन चलाने के निर्देश दिए जाएंगे। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा पर आधारित पुस्तिकाएं और पंपलेट भी वितरित किए जाएंगे।
ट्राफिक डीएसपी अरविंद कुमार ने बताया कि ओवरस्पीड, गलत दिशा में वाहन चलाना, मोबाइल का उपयोग, और शराब पीकर वाहन चलाना जैसे कारण सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण हैं। इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य इन खतरों के प्रति लोगों को सतर्क करना है।
इस कार्यक्रम में जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक सुनील कुमार, अमरेश कुमार, देवेंद्र कुमार, मुकुल कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे। अभियान को लोगों की सुरक्षा के प्रति एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।