धनबाद में जनता दरबार: निदेशक डीआरडीए ने सुनी शिकायतें, समाधान के दिए निर्देश

Share This News

धनबाद: मंगलवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित जनता दरबार में निदेशक डीआरडीए राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनी और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया।

जनता दरबार में झरिया अंचल के एक अमीन ने शिकायत की कि साजिश के तहत उन्हें सेवा से मुक्त करवा दिया गया है। वहीं खरखरी महेशपुर के एक शिकायतकर्ता ने बताया कि योजना पूरी होने के बावजूद प्रखंड कर्मी उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान कर रहे हैं।

कोलाकुसमा सरायढेला के एक व्यक्ति ने अपनी रैयती जमीन पर फर्जी कागजात के जरिए अवैध कब्जे और धमकी की शिकायत की। बेकारबांध के एक शिकायतकर्ता ने दबंग व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक रास्ते की घेराबंदी की बात कही। बलियापुर के पलानी क्षेत्र से आए एक व्यक्ति ने बताया कि भूमाफिया गैर आबाद खास खाता जमीन पर जबरन कब्जा कर बाउंड्री वॉल बना रहे हैं।

जनता दरबार में निदेशक डीआरडीए राजीव रंजन के साथ सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नियाज अहमद और जन शिकायत कोषांग के नंद किशोर कुशवाहा भी मौजूद थे। इस दौरान कई शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।

Leave a comment