धनबाद: ग्रामीण एकता मंच के केंद्रीय अध्यक्ष रंजीत सिंह उर्फ बबलू सिंह ने 9 फरवरी 2026 को उपायुक्त धनबाद को पत्र लिखकर जिले के विभिन्न इलाकों में शराब दुकानों के आसपास खुले में शराब सेवन की बढ़ती प्रवृत्ति पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि शराब दुकान से खरीद कर असामाजिक तत्व सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पीते हैं, जिससे बच्चों, छात्राओं, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी असुविधा व असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। इससे वहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा भी लग जाता है।
पत्र में बताया गया है कि शाम के समय ट्यूशन से लौटने वाली छात्राएं और कामकाजी महिलाएं शराबियों की गाली-गलौज, अभद्र भाषा तथा मारपीट की घटनाओं के कारण स्वयं को असुरक्षित महसूस करती हैं। साथ ही खुले में शराब बिक्री व सेवन से राज्य सरकार को राजस्व की हानि भी हो रही है। इस तरह की घटनाएं पूर्व में स्थानीय समाचार पत्रों में भी प्रकाशित हो चुकी हैं। ग्रामीण एकता मंच ने मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि इलाके में शांति, सुरक्षा और स्वच्छ सामाजिक वातावरण कायम हो सके। इस संबंध में पत्र की प्रतिलिपि वरीय पुलिस अधीक्षक,धनबाद को भी भेजी गई है।