झरिया थाना अंतर्गत बोर्रागढ़ ओपी क्षेत्र में अवैध जुआ अड्डे के खिलाफ आवाज उठाने पर एक युवक के साथ मारपीट करने और उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित युवक प्रकाश कुमार सिंह ने इस संबंध में जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक, स्थानीय थाना प्रभारी एवं उपायुक्त को लिखित शिकायत दी है।
पीड़ित ने मीडिया के माध्यम से जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोप लगाया है कि झरिया के बोर्रागढ़ ओपी अंतर्गत भूतगढ़िया श्मशान काली मंदिर के पास स्थानीय पुलिस की कथित मिलीभगत से लंबे समय से अवैध जुआ अड्डे का संचालन किया जा रहा है। इस अवैध गतिविधि में छोटी सिंह, संदीप सिंह, बिल्लू पंडित, मोहन रजक, राकेश सिंह, अर्जुन कुमार, रामू पासवान, रविंद्र कुमार एवं उमेश यादव सहित कुल नौ लोगों के शामिल होने का आरोप है।
प्रकाश कुमार सिंह का कहना है कि जुआ अड्डे की शिकायत करने पर आरोपियों द्वारा उनके साथ मारपीट की गई तथा उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जुआ अड्डे के कारण मंदिर में पूजा करने आने वाली महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया जाता है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल है।
पीड़ित ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध जुआ अड्डे पर तत्काल कार्रवाई की जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं।