राँची (RANCHI):
झारखंड कैडर के चर्चित और निर्भीक आईपीएस अधिकारी अमोल वेणुकांत होमकर को मंगलवार को राज्य सेवा से औपचारिक रूप से विरमित कर दिया गया। इस संबंध में झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा अधिसूचना जारी की गई है।
वर्ष 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी अमोल होमकर वर्तमान में झारखंड में रेल आईजी के पद पर कार्यरत थे। इससे पूर्व 26 दिसंबर को गृह मंत्रालय द्वारा उन्हें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में आईजी के पद पर नियुक्त किए जाने का आदेश जारी किया गया था। उसी के अनुपालन में अब उन्हें राज्य कैडर से विरमित किया गया है।
अमोल होमकर को झारखंड पुलिस के एक अनुभवी, जमीनी स्तर पर सक्रिय और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम करने वाले अधिकारी के रूप में जाना जाता है। उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं और जंगलों में चलाए गए सुरक्षा अभियानों में नेतृत्व करते हुए उल्लेखनीय सफलताएँ हासिल कीं।
रेल सुरक्षा के क्षेत्र में भी उनके कार्यकाल को प्रभावी और सराहनीय माना जाता है। अब वे राष्ट्रीय स्तर पर CRPF में अपनी सेवाएँ देंगे, जहाँ उनके प्रशासनिक और फील्ड अनुभव से केंद्रीय बल को मजबूती मिलने की उम्मीद है।