Breaking News

मुख्यमंत्री ने विदेश यात्रा को लेकर तैयारियों की समीक्षा की

Share This News

राँची (RANCHI):
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आगामी 18 से 26 जनवरी 2026 के बीच प्रस्तावित दावोस और यूनाइटेड किंगडम (लंदन) यात्रा की तैयारियों को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक में विदेश दौरे से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि उनके नेतृत्व में झारखंड का 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दावोस में आयोजित होने वाली वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की वार्षिक बैठक में भाग लेगा। यह झारखंड के लिए एक ऐतिहासिक क्षण होगा, क्योंकि पहली बार राज्य का प्रतिनिधिमंडल इस प्रतिष्ठित वैश्विक मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा।

दावोस में झारखंड की खनिज संपदा, औद्योगिक संरचना, सतत विकास की नीतियाँ, पर्यटन की संभावनाएँ तथा निवेश के अवसरों को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल लंदन जाएगा, जहाँ निवेश को बढ़ावा देने के साथ-साथ शैक्षणिक, संस्थागत सहयोग और प्रवासी भारतीय समुदाय से संवाद की योजनाएँ प्रस्तावित हैं।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय दौरा राज्य में निवेश आकर्षित करने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियाँ आपसी समन्वय और प्रभावी योजना के साथ समयबद्ध रूप से पूरी की जाएँ।

मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि दावोस और यूनाइटेड किंगडम की यह यात्रा झारखंड के औद्योगिक विस्तार और आर्थिक विकास को नई गति देगी और भविष्य में राज्य के लिए लाभकारी सिद्ध होगी।

इस समीक्षा बैठक में मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a comment