DESK:
संस्कृति मंत्रालय के अधीन भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने अब ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) के माध्यम से 170 से अधिक केंद्रीय संरक्षित स्मारकों और संग्रहालयों के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा शुरू कर दी है।
इस पहल से एएसआई के स्मारकों और संग्रहालयों तक डिजिटल पहुंच में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भारत की प्रमुख विरासत स्थलों और संग्रहालयों के प्रवेश टिकट विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म के ज़रिए सहज रूप से उपलब्ध हो सकेंगे।
एएसआई के टिकटिंग सिस्टम को ओपन डिजिटल नेटवर्क से जोड़ने के बाद, नागरिक और पर्यटक अब किसी एक ऐप तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि कई ONDC-सक्षम एप्लिकेशन के माध्यम से टिकट बुक कर पाएंगे। इससे न सिर्फ सुविधा और पहुंच बेहतर होगी, बल्कि इंटरऑपरेबल डिजिटल व्यवस्था के ज़रिए सार्वजनिक सेवाओं की पारदर्शिता और दक्षता भी मजबूत होगी।
ONDC-सक्षम ऐप्स के माध्यम से टिकट बुक करने वाले पर्यटकों को पहले से लागू रियायतों का भी लाभ मिलेगा। इसके तहत भारतीय नागरिकों को ₹5 और विदेशी पर्यटकों को ₹50 की छूट प्रदान की जा रही है।
ऑनलाइन टिकटिंग के जरिए अब स्मारकों और संग्रहालयों में लंबी कतारों से बचा जा सकेगा, जिससे प्रवेश प्रक्रिया तेज़ और सरल हो जाएगी। इस तकनीकी एकीकरण को एनडीएमएल (NSDL डेटाबेस मैनेजमेंट लिमिटेड) ने संभव बनाया है, जिसने एएसआई की पूरी स्मारक और संग्रहालय इन्वेंट्री को ONDC नेटवर्क से जोड़ा है।
वर्तमान में यह टिकटिंग सुविधा Highway Delite (वेब, एंड्रॉयड और iOS), Pelocal के व्हाट्सऐप-आधारित प्लेटफॉर्म (यूज़र +91 84228 89057 पर “Hi” भेजकर बुकिंग शुरू कर सकते हैं) और Abhee by Mondee (एंड्रॉयड और iOS) जैसे एप्लिकेशनों पर उपलब्ध है। इसके अलावा कई अन्य उपभोक्ता-उन्मुख ऐप्स भी ONDC नेटवर्क से जुड़ने की प्रक्रिया में हैं।