धनबाद: धनबाद में शुक्रवार को अमर शहीद एसपी रणधीर प्रसाद वर्मा की 34वीं पुण्यतिथि के अवसर पर एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने रणधीर वर्मा चौक स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश, सांसद ढुलू महतो, विधायक राज सिन्हा, रागिनी सिंह, शत्रुघ्न महतो और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी शहीद को श्रद्धांजलि दी।
राज्यपाल संतोष गंगवार ने अपने संबोधन में कहा, “रणधीर वर्मा जैसे वीर सपूत हमारी अमूल्य धरोहर हैं। उनकी देशभक्ति और साहसिक कार्य हमेशा समाज को प्रेरित करते रहेंगे।” दीपक प्रकाश ने कहा कि वर्मा का बलिदान हमें यह सिखाता है कि देशहित के लिए अपना सर्वस्व अर्पण करना ही सच्ची देशभक्ति है।
रणधीर वर्मा का बलिदान:3 जनवरी 1991 को बैंक ऑफ इंडिया की हीरापुर शाखा में डकैती के दौरान रणधीर वर्मा ने अपने साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए डकैतों का मुकाबला किया। इस दौरान उन्होंने अपने प्राणों की आहुति दी, लेकिन समाज की सुरक्षा के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके इस अद्वितीय बलिदान के लिए उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च शौर्य पुरस्कार “अशोक चक्र” से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में धनबादवासियों ने शहीद को संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित की। शहरवासियों और गणमान्य अतिथियों ने उनकी स्मृतियों को सहेजने और उनके आदर्शों को बनाए रखने का संकल्प लिया।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम:श्रद्धांजलि सभा के दौरान प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे। रणधीर वर्मा चौक पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी भाग लिया।