Breaking News

पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था बिगड़ी, सुधार अनिवार्य: अर्जुन मुंडा

Share This News

धनबाद (DHANBAD): झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने पश्चिम बंगाल की मौजूदा स्थिति को लेकर ममता सरकार पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि बंगाल में कानून-व्यवस्था की हालत बेहद खराब हो चुकी है और हालात में सुधार के लिए बदलाव जरूरी है। कभी देश की शान माना जाने वाला बंगाल आज गंभीर संकट से गुजर रहा है।

रविवार को रांची से पश्चिम बंगाल रवाना होने के दौरान धनबाद के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अर्जुन मुंडा ने ये बातें कहीं। इस अवसर पर धनबाद विधायक राज सिन्हा और भाजपा महानगर अध्यक्ष श्रवण राय भी उनके साथ मौजूद थे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य बंगाल की खोई हुई पहचान और गौरव को फिर से स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि एक समय बंगाल को ‘गेटवे ऑफ इंडिया’ के रूप में जाना जाता था, लेकिन वर्तमान हालात किसी से छिपे नहीं हैं।

बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही हिंसा के सवाल पर अर्जुन मुंडा ने कहा कि इस विषय को केंद्र सरकार गंभीरता से देख रही है और जो भी आवश्यक कदम होंगे, उन्हें उठाया जा रहा है।

वहीं एसआईआर (Special Intensive Revision) को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि देश में निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से आयोग पूरे देश में एसआईआर की प्रक्रिया चला रहा है। यदि कुछ राजनीतिक दल इसे लेकर राजनीति कर रहे हैं, तो वह उनका विषय है।

स्थानीय सरकारों को सशक्त बनाना जरूरी

अर्जुन मुंडा ने झारखंड में लंबे समय से निकाय चुनाव नहीं होने पर भी असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्वशासन की मजबूती से ही लोकतंत्र मजबूत होता है। जनता अपनी समस्याएं वार्ड पार्षद, मेयर, मुखिया और पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से सामने रखती है।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

धनबाद पहुंचने पर भाजपा महानगर अध्यक्ष श्रवण राय के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सर्किट हाउस में अर्जुन मुंडा का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान जिला महामंत्री मानस प्रसून, धनेश्वर महतो, जिला उपाध्यक्ष शेखर सिंह, जिला मंत्री सह मीडिया प्रभारी पंकज सिन्हा, रीता यादव, बलदेव महतो, हरेंद्र सिंह, विरु आनंद सिंह, हुल्लास दास, बसंती सिंह और सत्येंद्र मिश्र समेत कई पार्टी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a comment