Breaking News

गोपालगंज थावे मंदिर चोरी का भोजपुर कनेक्शन, डांसर संग छिपा था आरोपी

Share This News

आरा (AARA):

गोपालगंज के प्रसिद्ध थावे काली मंदिर में हुई करोड़ों रुपये की चोरी के मामले में अब भोजपुर जिले से जुड़ा बड़ा सुराग सामने आया है। इस बहुचर्चित कांड का दूसरा आरोपी इंजमामुल आलम भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रानी सागर गांव में एक डांसर के साथ गुप्त रूप से रह रहा था। पुलिस मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि इस कांड का मुख्य साजिशकर्ता दीपक राय पहले ही पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है।

जांच में सामने आया है कि आरोपी बीते करीब एक वर्ष से अपनी पहचान छिपाकर रानी सागर गांव में किराए के मकान में रह रहा था। वह खुद को किसी सामान्य व्यक्ति के रूप में प्रस्तुत कर रहा था, जिससे स्थानीय लोगों को उस पर किसी तरह का शक नहीं हुआ। हालांकि, इस खुलासे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इंजमामुल आलम एक ऑर्केस्ट्रा में काम करने वाली महिला के साथ पति-पत्नी की तरह रह रहा था। आरोपी का व्यवहार बेहद शांत था और वह आसपास के लोगों से बहुत कम बातचीत करता था। इसी कारण उसकी गतिविधियों पर किसी का ध्यान नहीं गया। अब इस मामले में भोजपुर जिले का नाम जुड़ने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

हालांकि, पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती अब भी मंदिर से चोरी किए गए माता के कीमती आभूषणों की बरामदगी है। पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और उसके संपर्कों की गहन जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि इंजमामुल आलम अनवर आलम का पुत्र है और वह मास्टरमाइंड दीपक राय के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम देने में शामिल था।

एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे का हुआ एनकाउंटर

थावे काली मंदिर लूटकांड में शामिल दूसरे आरोपी इंजमामुल आलम को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोचा। शुरुआती जांच में पता चला है कि वह मोतिहारी से आकर भोजपुर के रानी सागर गांव में छिपा हुआ था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी के गहने कहां और किसके पास छिपाए गए हैं।

हथियारों के साथ दो बदमाश दबोचे गए

इसी क्रम में भोजपुर पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। मथवलिया गांव के पास सड़क किनारे पुलिस ने दो संदिग्ध अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मथवलिया गांव निवासी नंदजी सिंह और विनोद कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक राज ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी भागने लगे थे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया। इस संबंध में दारोगा प्रीति कुमारी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पैक्स की कार्यशैली से किसान नाराज

भोजपुर जिले में सरकारी धान खरीद शुरू नहीं होने से किसानों में भारी रोष है। पीरो प्रखंड के नारायणपुर पंचायत के वैसाडीह गांव में किसानों ने खेत में धान जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि कटनी के बाद भी धान खुले में पड़ा है, जिससे आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।

किसानों ने आरोप लगाया कि पैक्स अध्यक्ष जानबूझकर खरीद प्रक्रिया में देरी कर रहे हैं और बिचौलियों के जरिए बाहरी धान खरीदा जा रहा है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि अगले 10 दिनों में सरकारी खरीद शुरू नहीं हुई तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।

87 वर्षीय किसान राधा मोहन उपाध्याय ने बताया कि गांव में करीब 1200 एकड़ में खेती होती है और इस बार लगभग 8000 क्विंटल धान का उत्पादन हुआ है, जो अब तक खलिहान में पड़ा सड़ रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापारी और पैक्स दोनों ही 1800 रुपये प्रति क्विंटल की दर बता रहे हैं, जिससे किसानों का शोषण हो रहा है।

बाजार से लौट रहे युवक को मारी गोली

बक्सर जिले के नवानगर थाना क्षेत्र के केसठ बाजार में सब्जी खरीदने गए एक युवक को बदमाशों ने गोली मार दी। गोली युवक के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे तत्काल आरा के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

घायल युवक की पहचान बसियांव थाना क्षेत्र के बसदेवां गांव निवासी 24 वर्षीय प्रिंस दुबे के रूप में हुई है। घायल युवक ने बताया कि वह पहले अपनी बहन को घर छोड़कर दोबारा बाजार सब्जी लेने गया था, तभी सामने से आए हथियारबंद बदमाश ने उस पर फायरिंग कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

Leave a comment