धनबाद (सिंदरी): श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को समर्पित प्रभात फेरियों की श्रृंखला के अंतर्गत पाँचवीं फेरी का आयोजन सिंदरी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और लायंस क्लब सिंदरी ने संयुक्त रूप से किया। इस फेरी में सिख श्रद्धालुओं के साथ अन्य समुदायों के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
अमृत वेले करीब सुबह 5 बजे सरदार नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रभात फेरी की शुरुआत निशान साहिब की सेवा से हुई। फेरी शहर की कई गलियों और चौक-चौराहों से गुजरती हुई ढोलकी, शैने और अन्य वाद्यों की धुनों तथा गुरु नानक देव जी की बाणी के कीर्तन के साथ गुरुद्वारा परिसर वापस लौटी।
गुरुद्वारा पहुंचने पर लायंस क्लब सदस्यों ने निशान साहिब पर फूल अर्पित किए और सरदार नरेंद्र सिंह का पारंपरिक सम्मान करते हुए उनके चरण धोए। इसके बाद स्त्री सत्संग सभा ने करीब आधे घंटे तक शब्द-कीर्तन कर संगत को गुरबाणी से जोड़ने का प्रयास किया।
इस दौरान गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी सरदार बलवीर सिंह ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष अरदास करते हुए सभी के कल्याण की प्रार्थना की और संगत को हुकुमनामा का आशीर्वचन सुनाया। प्रभात फेरी के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच चाय–नाश्ता वितरित किया गया।
कार्यक्रम में गुरुद्वारा प्रधान जसप्रीत सिंह रैनो, लखजीत सिंह, सुरेंद्र पाल सिंह, हरपाल सिंह, जगदीश्वर सिंह, इंद्रजीत सिंह, डॉ. स्मृति नागी, जसपाल कौर, सुरिंदर कौर, रीत कौर, दविंदर कौर, मनजीत कौर, हरभजन कौर, प्रीत कौर सहित बड़ी संख्या में संगत मौजूद थी। लायंस क्लब की ओर से प्रशांत पांडेय, दिलीप रिटोलिया, अखिलेश कुमार सिंह, मनजीत सिंह उप्पल, हरविंदर सिंह, प्रेम सिंह, ओंकार सिंह, उदय सहाय, एन.के. सिंह आदि सदस्य भी उपस्थित रहे।