धनबाद (DHANBAD): झारखंड में नगर निकाय चुनाव की तैयारी तेज हो गई है और इस बार आरक्षण तय करने की प्रक्रिया को नई दिशा दी गई है। सरकार की ओर से तय मापदंड के अनुसार धनबाद, देवघर, चास, मेदिनीनगर और मानगो नगर निगमों में मेयर का पद सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए खुला रहेगा। वहीं, रांची नगर निगम और आदित्यपुर नगर निगम में मेयर का पद अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग को दिया जाएगा।
इसके लिए झारखंड नगरपालिका निर्वाचन एवं स्थापना नियमावली, 2012 में संशोधन किया गया है। अब मेयर और डिप्टी मेयर पद पर आरक्षण आबादी के अनुपात से तय होगा। जल्द ही इसको लेकर औपचारिक अधिसूचना जारी की जाएगी।
राज्य में कुल 48 शहरी निकाय मौजूद हैं, जिनमें नौ नगर निगम शामिल हैं—धनबाद, रांची, हजारीबाग, गिरिडीह, आदित्यपुर, मेदिनीनगर, चास, देवघर और मानगो। इनमें धनबाद में मेयर पद सामान्य, गिरिडीह में अनुसूचित जाति (एससी), हजारीबाग में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और रांची व आदित्यपुर में एसटी के लिए आरक्षित रहेगा।
बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में नगर विकास विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। संभावना जताई जा रही है कि चुनाव कार्यक्रम अगले महीने घोषित किया जा सकता है। कुल नौ नगर निगमों में से चार पद आरक्षित होंगे—एसटी, एससी, ओबीसी और एक महिला वर्ग के लिए।
इसी तरह 27 नगर परिषदों में सात पद और 16 नगर पंचायतों में से एक पद आरक्षित रहेगा। महिलाओं के लिए 50% सीटों पर आरक्षण लागू होगा। इसके अलावा मेयर, डिप्टी मेयर, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदों के लिए भी अलग-अलग श्रेणियों में आरक्षण की व्यवस्था होगी।