Breaking News

दिव्यांग बच्चों ने होटल सोनोटेल में क्रिसमस मनाकर दिखाया उमंग और उत्साह

Share This News

धनबाद: नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित विशेष स्कूल “पहला कदम” के दिव्यांग बच्चों ने होटल सोनोटेल में क्रिसमस का पर्व धूमधाम से मनाया। तीन दिवसीय क्रिसमस सेलिब्रेशन के तहत बुधवार को कार्यक्रम के दूसरे दिन बच्चों ने तुलसी जयंती पर तुलसी पूजा की और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी।

इसके बाद बच्चों को क्रिसमस के अवसर पर प्रभु यीशु का जन्मदिन मनाने के लिए होटल सोनोटेल ले जाया गया। उत्साहित बच्चे अपने शिक्षकों के साथ ओजोन गैलेरिया, कोला कुसमा पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सुंदर गीत और नृत्य प्रस्तुत किए। वहां मौजूद दर्शकों ने बच्चों की कला को प्रोत्साहित किया।

भ्रमण के बाद बच्चों ने होटल सोनोटेल में स्वादिष्ट अल्पाहार और लंच का आनंद लिया। इसके साथ ही बच्चों ने नृत्य, गायन और अन्य मनोरंजक गतिविधियों में भाग लेते हुए क्रिसमस का भरपूर आनंद उठाया।

सचिव अनिता अग्रवाल ने बताया, “इस कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को खुशी और उत्साह से भरा एक खास दिन देना था। होटल सोनोटेल के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग से यह संभव हो पाया। कार्यक्रम में लगभग 100 बच्चों ने भाग लिया, जिससे यह दिन उनके लिए यादगार बन गया।”

होटल सोनोटेल की टीम का विशेष योगदान

होटल सोनोटेल के एग्जीक्यूटिव शेफ गोरा चंद हलदर, सीनियर एग्जीक्यूटिव जितेंद्र कुमार, टीम लीडर बबलू कुमार प्रसाद, एग्जीक्यूटिव बैंक्वेट सेल्स राजू प्रसाद, और तुलसी महतो सहित पूरे स्टाफ ने इस आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अनिता अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे समाज की मुख्य धारा से जुड़कर अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर पाते हैं। उन्होंने बताया कि होटल विजिट से बच्चे टेबल मैनर्स सीखते हैं और उनका आत्मविश्वास मजबूत होता है।

इस आयोजन को समाज में दिव्यांग बच्चों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उनकी भूमिका को समझने के एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a comment