दीप प्रज्ज्वलन, रंगोली व दीप थाली सजाओ प्रतियोगिता के साथ सजेगी मनोरंजन की महफिल, 100 रुपये के टिकट में भोजन और मनोरंजन की सुविधा
धनबाद: मारवाड़ी विकास ट्रस्ट, धनबाद की ओर से दीपावली के पावन अवसर पर 31 अक्टूबर को भव्य दीपावली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में 1000 से 1500 लोगों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी गुरुवार को यूनियन क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई।
ट्रस्ट के अध्यक्ष योगेन्द्र तुलस्यान एवं महासचिव सुनील अग्रवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि इस वर्ष स्नेह मिलन समारोह को और भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज के सभी वर्गों, मातृशक्ति और युवाओं को एक मंच पर लाकर आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करना है।
समारोह में 200 दीपों का वितरण एवं सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। इसके साथ ही आकर्षक रंगोली प्रतियोगिता, दीप थाली सजाओ प्रतियोगिता, बच्चों के लिए विशेष खेल, हाउजी, जादूगर शो और ऑर्केस्ट्रा सहित कई मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के जरिए दीपावली के उल्लास को सामूहिक उत्सव का रूप दिया जाएगा।
1100 रुपये में ईंट लॉन्च करने की परंपरा जारी
ट्रस्ट के सदस्य जितेंद्र अग्रवाल ने बताया कि समारोह में आने वाले अतिथियों के लिए भोजन की बेहतर व्यवस्था की गई है। वहीं, ट्रस्ट के नए प्रकल्प को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से मुख्य अतिथि द्वारा मात्र 1100 रुपये में ईंट लॉन्च करने की परंपरा इस वर्ष भी जारी रहेगी।
100 रुपये के टिकट में भोजन, खेल और मनोरंजन
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए बेहतर प्रबंधन के लिए 100 रुपये का सहयोग टिकट निर्धारित किया गया है। इस टिकट में भोजन, खेल और सभी मनोरंजक कार्यक्रमों का आनंद लेने की सुविधा रहेगी। प्रत्येक टिकटधारक को गेम खेलने के लिए दो कूपन और एक लकी ड्रॉ कूपन निःशुल्क दिया जाएगा। लकी ड्रॉ के विजेताओं को समारोह के मंच से पुरस्कृत किया जाएगा।
ट्रस्ट ने अपने सभी 584 सदस्यों से सपरिवार एवं मित्रों के साथ समारोह में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों को उम्मीद है कि यह आयोजन सामाजिक एकता, आपसी सौहार्द और दीपावली के उल्लास को नई ऊंचाई देगा।
प्रेस वार्ता में अनिल गुप्ता, वेद केजरीवाल, सीए आरबी गोयल, आकाश कुमार अग्रवाल, जितेंद्र अग्रवाल, संजय जैन और सतीश अग्रवाल सहित ट्रस्ट के अन्य सदस्य उपस्थित थे।