धनबाद पुलिस के रिकॉर्ड रूम को मिला आधुनिक स्वरूप, जापानी 5S तकनीक से होगा अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण

Share This News

19 रैक में सुरक्षित रहेंगी 1.10 लाख फाइलें, सीसीटीवी और अग्निशमन उपकरणों से लैस हुआ आधुनिक रिकॉर्ड रूम

धनबाद पुलिस ने पुलिस अभिलेखों के सुरक्षित संधारण, व्यवस्थित प्रबंधन और कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। बुधवार को समाहरणालय स्थित पुलिस मुख्यालय में आधुनिक रिकॉर्ड रूम का उद्घाटन किया गया। पुलिस महानिरीक्षक (बोकारो प्रक्षेत्र) श्री शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर आधुनिक रिकॉर्ड रूम का विधिवत उद्घाटन किया।

इस अवसर पर उपायुक्त श्री आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार, सिटी एसपी श्री ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी श्री एस. मोहम्मद याकूब सहित विभिन्न डीएसपी एवं पुलिस विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

धनबाद पुलिस के इस रिकॉर्ड रूम को जापानी 5S लीन मैनेजमेंट सिस्टम के सिद्धांतों पर विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य पुलिस के महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं दस्तावेजों को वैज्ञानिक, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संरक्षित करना तथा जरूरत पड़ने पर संबंधित फाइलों को न्यूनतम समय में उपलब्ध कराना है।

19 रैक में रखी जाएंगी 1.10 लाख फाइलें

आधुनिक रिकॉर्ड रूम में कुल 19 रैक बनाए गए हैं, जिनमें लगभग एक लाख दस हजार फाइलों को सुरक्षित रखने की क्षमता है। फाइलों के व्यवस्थित संधारण के लिए स्पष्ट इंडेक्सिंग, निर्धारित क्रम और रैक की पहचान की व्यवस्था की गई है। इससे किसी भी आवश्यक दस्तावेज या पुराने अभिलेख को आसानी से खोजा जा सकेगा।

जापानी 5S तकनीक के पांच सिद्धांतों पर आधारित व्यवस्था

रिकॉर्ड रूम को व्यवस्थित करने के लिए जापानी प्रबंधन प्रणाली के पांच प्रमुख सिद्धांतों को अपनाया गया है। इनमें सॉर्ट (अनावश्यक वस्तुओं को हटाना), सेट इन ऑर्डर (सामान को निर्धारित क्रम में रखना), शाइन (नियमित साफ-सफाई), स्टैंडर्डाइज (एक समान मानक प्रक्रिया अपनाना) और सस्टेन (व्यवस्था को लगातार बनाए रखना) शामिल हैं।

इस प्रणाली के तहत अनावश्यक दस्तावेजों को अलग कर महत्वपूर्ण एवं प्रासंगिक अभिलेखों को सुरक्षित रखने पर जोर दिया गया है। सभी फाइलों को निर्धारित क्रम में रखने के साथ एक समान फाइल कवर, लेबलिंग और रखरखाव की प्रक्रिया विकसित की गई है। रिकॉर्ड रूम की नियमित साफ-सफाई और समय-समय पर समीक्षा की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

सुरक्षा के भी किए गए पुख्ता इंतजाम

रिकॉर्ड रूम में संरक्षित महत्वपूर्ण दस्तावेजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरे और अग्निशमन सुरक्षा उपकरण लगाए गए हैं। इसके अलावा फाइलों के उचित रखरखाव, संधारण और प्रबंधन के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है।

आईजी श्री शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि धनबाद पुलिस की इस पहल से अभिलेख प्रबंधन की प्रक्रिया अधिक वैज्ञानिक, पारदर्शी और प्रभावी बनेगी। पुराने रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने के साथ जरूरत के समय उन्हें शीघ्र उपलब्ध कराने में भी सुविधा होगी। इससे पुलिस के प्रशासनिक एवं दैनिक कार्यों में तेजी आएगी तथा कार्यक्षमता, जवाबदेही और जनसेवा की गुणवत्ता में सुधार होगा। उन्होंने इस प्रयास की सरहाना करते हुए इसे पूरे राज्य के लिए प्रेरणादायी बताया।

Leave a comment