झारखंड स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), टुंडी में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) श्री विशाल कुमार पाण्डेय, अंचल अधिकारी (सीओ) श्री सुरेश प्रसाद वर्णवाल, अंचल निरीक्षक (सीआई) श्री विकास कुमार एवं स्वास्थ्य प्रभारी अशोक कुमार की मौजूदगी में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत खुद सीओ और बीडीओ ने रक्तदान करके किया। कार्यक्रम प्रातः 10:00 बजे शुरू हुए इस शिविर के माध्यम से लोगों को ‘रक्तदान करें – जीवन बचाएं’ का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर पदाधिकारियों ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा कार्य है, जिससे जरूरतमंदों के जीवन में आशा की नई किरण जगाई जा सकती है। उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर झारखंड स्थापना दिवस को सार्थक और यादगार बनाने की अपील की।
शिविर के सफल आयोजन में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, टुंडी सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम और स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी रही।