धनबाद : मनईटांड़ बैंक कालोनी स्थित हरि मंदिर परिसर में श्रीश्री गणेश पूजा समिति की ओर से आकर्षक विद्युत व पुष्प सज्जा के साथ गणेश उत्सव का आयोजन किया गया। सोमवार को उत्सव के प्रथम दिन सुबह नौ बजे पंडित प्रवीण मिश्रा के सानिध्य में विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना शुरू हुई। इस दौरान मुख्य रूप से वार्ड नंबर 30 के पार्षद निर्मला देवी व पार्षद प्रतिनिधि मुकेश महतो शामिल हुए।
पूजा को लेकर पंडाल के आसपास आकर्षक पुष्प सज्जा के साथ रंग-बिरंगी विद्युत सजावट
व विभिन्न प्रकार के गुब्बारे सजाया गया है।
पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच लड्डू का प्रसाद वितरित किया गया। दोपहर बाद भक्तों के बीच खिचड़ी का भोग भी बांटा गया। समिति के कोषाध्यक्ष रवि सोनी ने बताया कि इस वर्ष गणेश पूजा धूमधाम से मनाई जा रही है। प्रथम दिन भगवान गणेश को 101 किलो लड्डू व मोदक का भोग अर्पित किया गया। तीन दिवसीय पूजा के दौरान भगवान गणेश को कुल 251 किलो लड्डू का भोग अर्पित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने में सोनू सिंह, मनीष साह, शुभम साह, रितेश सिंह, अरित्रा साहा, पीयूष सिंह, कुंदन प्रमाणिक, दीपक प्रमाणिक समेत समिति के अन्य सदस्य सक्रिय रहे।