धनबाद: शिक्षक दिवस के अवसर पर सेवा एवं समर्पण संस्था की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में धनबाद के 51 शिक्षकों को उनके शिक्षा एवं समाज के प्रति योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें नमन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि कुम्भनाथ सिंह एवं उदय सिंह समेत और अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।
इस अवसर पर कुंभनाथ सिंह ने कहा कि शिक्षक का स्थान माता-पिता से भी ऊपर माना गया है। शिक्षक ज्ञान का दीप जलाकर विद्यार्थियों के जीवन से अज्ञानता और अंधकार दूर करते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु का स्थान सर्वोपरि है और जीवन में शिक्षक का मार्गदर्शन हमेशा महत्वपूर्ण रहता है। शिक्षकों का आशीर्वाद और मार्गदर्शन समाज को निरंतर मिलता रहे, यही कामना है।
उन्होंने शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित करने के लिए सेवा एवं समर्पण संस्था की काजल झा सहित पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जीवन में शिक्षक का स्थान सबसे महत्वपूर्ण है और शिक्षकों का सम्मान करना हमारा परम कर्तव्य है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सेवा एवं समर्पण टीम की रेखा, छवि, मृदुला, पूजा, सुरभि, कृष्णा एवं काजल झा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संस्था की ओर से शिक्षक दिवस पर 51 शिक्षकों को सम्मानित करना एक सराहनीय पहल बताया गया।