100 प्रतिभागियों ने ग्रैंड फिनाले में दिखाया जलवा, बच्चों-महिलाओं और युवतियों को मिला प्रतिभा प्रदर्शन का मंच
धनबाद: विनोद बिहारी चौक स्थित कावेरी रेस्टोरेंट के सभागार में गुरुवार को जेस्ट फैशन शो झारखंड के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी कुंभनाथ सिंह एवं उदय प्रताप सिंह उपस्थित रहे। जेस्ट फैशन शो की ओर से दोनों मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर समाजसेवी कुम्भनाथ सिंह ने कहा कि जेस्ट फैशन शो की पहल बेहद सराहनीय है। इस मंच के माध्यम से गृहणियों, युवाओं और बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। स्थानीय प्रतिभाओं के साथ-साथ झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभागियों को फैशन के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सुनहरा मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।
वहीं उदय प्रताप सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन से स्थानीय एवं झारखंड के बच्चों का मनोबल बढ़ता है। पहले ऐसे आयोजन मुख्य रूप से महानगरों तक सीमित रहते थे, जिसके कारण छोटे शहरों और स्थानीय क्षेत्रों की प्रतिभाएं अवसर से वंचित रह जाती थीं। जेस्ट फैशन शो ने इस कमी को दूर करते हुए स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी पहचान बनाने का अवसर दिया है।
आयोजक काजल झा ने कहा कि जेस्ट फैशन शो झारखंड अपने आप में एक बड़ी पहल है। इस मंच ने बच्चों, महिलाओं और नई पीढ़ी की युवतियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ सम्मान हासिल करने का अवसर दिया है। उन्होंने बताया कि 30 अगस्त को आयोजित ग्रैंड फिनाले में लगभग 100 प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन कर इस आयोजन को यादगार बनाया।
उन्होंने कहा कि सम्मान समारोह उन सभी प्रतिभागियों की मेहनत और प्रतिभा को समर्पित है, जिन्होंने जेस्ट के मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने पूरी जेस्ट टीम, सभी प्रतिभागियों और विशेष रूप से अभिभावकों का आभार जताते हुए कहा कि बच्चों को आगे बढ़ने के लिए मंच देने में अभिभावकों का सहयोग ही जेस्ट की सबसे बड़ी ताकत है। मिस्ट्रेस कैटेगरी में प्रथम नीलिमा, द्वितीय श्वेता रंजन,तृतीय बबली एवं मिस कैटेगरी में प्रथम कुमकुम,
द्वितीय प्रिया त्रिवेदी, तृतीय कीर्ति डे एवं विशेष सम्मान मिस कैटेगरी में सानवी गिरिडीह, दिव्यांका रांची अभिलाषा मिश्रा गढ़वा,स्नेहा धनबाद, दिवांशिका धनबाद एवं लेडीज कैटेगरी में पुष्पा बोकारो,शर्मिष्ठा धनबाद,अनामिका धनबाद को अतिथियों के द्वारा मेडल एवं सैश पहनकर सम्मानित किया गया।समारोह के दौरान विजेताओं और प्रतिभागियों के चेहरे पर उत्साह और खुशी देखने को मिली। आयोजन ने यह संदेश दिया कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती, जरूरत सिर्फ उसे सही मंच और प्रोत्साहन देने की है। सम्मान समारोह में सुदीस्ट कुमार संगीत सिंह विशु सिंह पप्पू सिंह प्रमोद सिंह सांसद प्रतिनिधि विनोद सिंह विनोद मिश्रा प्रमोद तिवारी एवं जेस्ट फैशन शो के सभी सदस्यों ने विजेताओं को उज्जवल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया।